जो जिह्वा बोलती है, वह देखती नहीं, जो आंख देखती है, वह बोलती नहीं।
कौशल देश में देवदत्त नाम का एक विद्वान ब्राह्मण रहता था। उसके पास सब कुछ था, लेकिन कोई संतान नहीं थी इसलिए वह उदास रहता था। उसने कई तरह की पूजा-पाठ किए, लेकिन उसे संतान का सुख नहीं मिल पाया। अंत में उन्होंने संतान प्राप्ति के लिए किए जाने वाले यज्ञ का आयोजन किया। यज्ञ में अनेक विद्वान ऋषियों ने हिस्सा लिया। उन्हीं में से एक ऋषि गोभिल थे। यज्ञ की पूर्णाहुति के समय ऋषि गोभिल से कुछ त्रुटि हो गई। यह देख कर देवदत्त को बहुत क्रोध आया और उन्होंने ऋषि को बहुत बुरा-भला कहा। इससे ऋषि ने क्रोधित होकर देवदत्त को श्राप देते हुए कहा कि उनके यहां जो पुत्र जन्म लेगा, वह अत्यंत मूर्ख होगा। ऋषि के क्रोध भरे वचन सुनकर देवदत्त को अपनी भूल का अहसास हुआ। वे अपने अपराध के लिए ऋषि से क्षमा मांगते हुए पश्चाताप करने लगे। ब्राह्मण को इस तरह पश्चाताप करते देखकर मुनि को "उन पर दया आ गई और कहा कि मेरे श्रापवश तुम्हारा पुत्र मूर्ख होते हुए भी आगे चलकर देव कृपा से विद्वान हो जाएगा।
कुछ समय पश्चात देवदत्त के यहां पुत्र ने जन्म लिया। उसका नाम 'उतथ्य' रखा गया। बालक जैसे- जैसे बड़ा होता गया, ऋषि के वचन के अनुसार वज्रमूर्ख निकला। एक विद्वान ब्राह्मण का पुत्र मूर्ख होने के कारण हर जगह उपहास का पात्र बनने लगा। हर जगह हंसी का पात्र बनने के कारण वह वन में जाकर रहने लगा।
लेकिन मूर्ख होने के बावजूद 'उतथ्य' में एक बड़ी विशेषता थी कि वह हमेशा सच बोलता था। चाहे कैसी भी परिस्थिति हो वह सत्य पर अडिग रहता था। एक बार वन में एक शिकारी के तीर से घायल सूअर उतथ्य के आश्रम के सामने से भागता हुआ जंगल में जा छिपा। घायल सूअर को देखकर उसके मुंह से 'ऐं- 'ऐं' ('ऐं-ऐं'- देवी का बीज मंत्र है ) निकला। इस मंत्र के उच्चारण से उतथ्य को अनायास ही बुद्धि और विद्या की प्राप्ति हो गई।
तभी थोड़ी देर बाद शिकारी भी उनके आश्रम में पहुंचा और सूअर के विषय में पूछने लगा। सूअर के प्राण बचाने के उद्देश्य से और झूठ न बोलने की इच्छा के कारण उन्होंने एक श्लोक कहा, जिसका अर्थ है- 'जो जिह्वा बोलती है, वह देखती नहीं, जो आंख देखती है, वह बोलती नहीं।' शिकारी उनकी इस गूढ़ बात को समझ नहीं पाया और वापस चला गया। इस प्रकार एक जीव के प्राण बच गए। इस घटना के बाद ऋषि उतथ्य धीरे-धीरे विद्वान होते गए और सत्यवादी होने के कारण मुनि ‘सत्यव्रत' के नाम से विख्यात हुए।
Nice keep it up
जवाब देंहटाएं